Lucknow News: योगी सरकार ने इको क्लब्स के लिए जारी की ₹65.64 करोड़ की लिमिट, प्रदेश के विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

Lucknow News: योगी सरकार ने इको क्लब्स के लिए जारी की ₹65.64 करोड़ की लिमिट, प्रदेश के विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

Lucknow News: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित ‘इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ’ कार्यक्रम के लिए लगभग ₹65.64 करोड़ (₹6563.95 लाख) की लिमिट जारी कर दी है। इस राशि के माध्यम से प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक पात्र विद्यालय को ₹5,000 की दर से लिमिट उपलब्ध कराई जाएगी।

तीन दिन के भीतर विद्यालयों तक पहुंचेगी लिमिट

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों, सहायक लेखा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयकों को निर्देश दिए हैं कि जारी की गई लिमिट का हस्तांतरण तीन दिन के भीतर संबंधित विद्यालयों तक सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही अधिकारियों को इको क्लब्स के उद्देश्य, गठन, अधिसूचना, कार्य एवं दायित्व, मासिक गतिविधि कैलेंडर और सुझावात्मक गतिविधियों के अनुरूप समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निर्धारित मदों में ही होगा राशि का उपयोग

प्रत्येक विद्यालय को उपलब्ध कराई गई ₹5,000 की लिमिट का उपयोग निर्धारित मदों में किया जाएगा। इसके अंतर्गत इको क्लब की गतिविधियां, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, पौधरोपण, कम्पोस्ट निर्माण, आवश्यक शिक्षण सामग्री, स्टेशनरी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अन्य गतिविधियों पर व्यय किया जाएगा।

विद्यालयों को निर्धारित वित्तीय मानकों का पालन करते हुए राशि खर्च करनी होगी तथा सभी व्यय से संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखने होंगे।

समुदाय और अभिभावकों की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

योगी सरकार ने इस अभियान में विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों, स्थानीय निकायों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया है। सरकार का उद्देश्य विद्यालयों तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।

निर्देशों के अनुसार सभी विद्यालयों को इको क्लब के गठन, गतिविधियों, फोटो, वीडियो और प्रगति रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारी नियमित रूप से इसकी समीक्षा करेंगे।

प्रत्येक विद्यालय में गठित होगा इको क्लब

निर्देशों के मुताबिक सभी पात्र प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में ‘इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ’ का गठन किया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्लब के संरक्षक होंगे, जबकि एक शिक्षक को क्लब का प्रभारी बनाया जाएगा।

क्लब में विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को शामिल कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। क्लब की अधिसूचना जारी करने के साथ उसका पंजीकरण निर्धारित पोर्टल पर कराया जाएगा तथा विद्यालय स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक गतिविधि का अभिलेखीकरण और समय-समय पर उसकी समीक्षा भी की जाएगी।

मिशन लाइफ के सात प्रमुख विषयों पर रहेगा फोकस

इको क्लब्स के माध्यम से विद्यार्थियों को लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (मिशन लाइफ) के सात प्रमुख विषयों से जोड़ा जाएगा। इनमें स्वस्थ एवं सतत जीवनशैली अपनाना, टिकाऊ खाद्य प्रणाली को बढ़ावा देना, जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, कचरा कम करना एवं पुनर्चक्रण, ई-वेस्ट प्रबंधन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाना शामिल है।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार को बढ़ावा देना है।

जुलाई से मार्च तक तय कैलेंडर के अनुसार होंगी गतिविधियां

आदेश के साथ जुलाई से मार्च तक का विस्तृत गतिविधि कैलेंडर भी जारी किया गया है। इसके अनुसार जुलाई में पौधरोपण एवं हरित परिसर, अगस्त में किचन गार्डन और कम्पोस्ट निर्माण, सितंबर में ई-वेस्ट प्रबंधन, अक्टूबर में कचरा पृथक्करण एवं पुनर्चक्रण, नवंबर में ऊर्जा संरक्षण, दिसंबर में जल संरक्षण, जनवरी में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा फरवरी और मार्च में स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण एवं विश्व जल दिवस से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इन गतिविधियों के साथ पोस्टर, निबंध, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, रैली, शपथ, प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यालय अतिरिक्त गतिविधियां आयोजित करने के लिए भी स्वतंत्र होंगे।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )