UP News: बीएसबी से संबद्ध विद्यालयों को मिलेगा यू-डायस प्लस कोड, छात्रों के शैक्षणिक अभिलेख राष्ट्रीय प्रणाली से जुड़ेंगे

UP News: बीएसबी से संबद्ध विद्यालयों को मिलेगा यू-डायस प्लस कोड, छात्रों के शैक्षणिक अभिलेख राष्ट्रीय प्रणाली से जुड़ेंगे

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी), हरिद्वार से संबद्ध विद्यालयों के लिए यू-डायस प्लस कोड आवंटन तथा विद्यालय श्रेणी उन्नयन (स्कूल कैटेगरी अपग्रेडेशन) की प्रक्रिया को तेज किया गया है।

स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी द्वारा जारी निर्देशों के तहत संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों को राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली से जोड़ना और उन्हें अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

शिक्षा प्रबंधन को मिलेगा डिजिटल मजबूती का आधार

उत्तर प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल प्रशासन, तकनीक आधारित अनुश्रवण और डेटा प्रबंधन को लगातार मजबूत किया जा रहा है। यू-डायस प्लस जैसी व्यवस्थाओं के विस्तार के माध्यम से शिक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों को इस प्रणाली से जोड़ने की पहल विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित करने, अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

आवेदन, सत्यापन और संस्तुति की प्रक्रिया होगी समयबद्ध

स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी के निर्देशों के अनुसार भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों के लिए नवीन यू-डायस प्लस कोड आवंटित किए जाएंगे तथा आवश्यकता के अनुसार विद्यालय श्रेणी उन्नयन की कार्रवाई भी की जाएगी।

इसके लिए मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन, सत्यापन और संस्तुति की प्रक्रिया तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिन विद्यालयों के पास कोड नहीं, उन्हें मिलेगा नया यू-डायस प्लस कोड

जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जिन विद्यालयों के पास वर्तमान में यू-डायस प्लस कोड उपलब्ध नहीं है, उन्हें नवीन कोड आवंटित किया जाएगा। वहीं, जिन विद्यालयों को पहले से यू-डायस कोड प्राप्त है, उनके लिए मान्यता के अनुरूप विद्यालय श्रेणी उन्नयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से आवश्यक अभिलेख, आख्या और संस्तुति सहित प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बीएसबी ने किया नवीन कोड और कक्षा उन्नयन का अनुरोध

भारतीय शिक्षा बोर्ड, हरिद्वार द्वारा संचालित एवं संबद्ध विद्यालयों के लिए यू-डायस प्लस पोर्टल पर नवीन कोड आवंटन तथा कक्षा उन्नयन संबंधी अनुरोध प्राप्त हुए हैं। इसी के मद्देनजर शासन स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

विद्यालयों के यू-डायस प्लस प्रणाली से जुड़ने के बाद उनका शैक्षणिक डाटा राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली में व्यवस्थित रूप से समाहित हो सकेगा। इससे नामांकन, शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा संबंधी अभिलेखों और अन्य शैक्षिक प्रक्रियाओं के प्रबंधन को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )