
Aligarh News: अलीगढ़ में जर्जर इमारत गिरने से बड़ा हादसा, मलबे में दबे दो मजदूर; जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
Aligarh News: अलीगढ़ जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मदार गेट के ताला मार्केट में शुक्रवार को एक जर्जर भवन को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भवन का मलबा अचानक भरभराकर गिरने से वहां काम कर रहे दो मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस ने तत्काल शुरू कराया राहत-बचाव अभियान
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल मजदूरों की पहचान थाना हरदुआगंज क्षेत्र के आजमाबाद निवासी सद्दीक और सुलेमान के रूप में हुई है। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे कई सवाल
इस हादसे के बाद भवन तोड़ने की प्रक्रिया और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि यदि भवन पहले से जर्जर स्थिति में था तो उसे ध्वस्त करने से पहले नगर निगम को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या भवन की तकनीकी जांच कराई गई थी या बिना आवश्यक सुरक्षा उपायों के ही मजदूरों से काम कराया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि भवन को तुड़वाने का कार्य कराया जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। वहीं, घायल मजदूर सद्दीक तथा भवन तुड़वाने वाले मयंक से भी पूरे मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

