Pilibhit News: पीलीभीत को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

Pilibhit News: पीलीभीत को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के तराई जनपद पीलीभीत के लिए आज का दिन रेल सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद ने रेलवे स्टेशन पर टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही टनकपुर से पीलीभीत होते हुए शाहजहांपुर तक चलने वाली नई पैसेंजर ट्रेन का भी शुभारंभ किया गया। नई रेल सेवाओं से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

सिख समुदाय की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण रेल संपर्क

शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि तराई क्षेत्र का पूरनपुर इलाका, जिसे ‘मिनी पंजाब’ के नाम से जाना जाता है, वहां बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग निवास करते हैं। अब भारत सरकार की ओर से उन्हें महाराष्ट्र स्थित श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा, नांदेड़ तक यात्रा के लिए सीधी एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर से चलने वाली यह एक्सप्रेस ट्रेन पीलीभीत होते हुए महाराष्ट्र के नांदेड़ तक संचालित होगी, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

नई पैसेंजर ट्रेन से स्थानीय व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर से पीलीभीत होते हुए शाहजहांपुर तक नई पैसेंजर ट्रेन का संचालन भी शुरू किया गया है। उनका कहना था कि इस रेल सेवा से स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्रीय व्यापार को भी नई दिशा मिलेगी। साथ ही पीलीभीत का सीधा संपर्क महाराष्ट्र और मुंबई जैसे बड़े शहरों से मजबूत होगा।

रेलवे स्टेशन पर दिखा उत्साह, सिख समुदाय ने किया स्वागत

रेलवे स्टेशन पर शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान “जो बोले सो निहाल” के जयघोष के साथ लोगों ने नई रेल सेवा का स्वागत किया। इस अवसर पर सिख समुदाय में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे अपनी आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधा बताया।

प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्रालय का जताया आभार

जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला आगमन वर्ष 2024 में हुआ था, जिसके बाद रेल मंत्रालय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पीलीभीत तराई क्षेत्र से जुड़े मिनी पंजाब के लिए यह बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब गुरुद्वारे से सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि रेल मंत्री से पीलीभीत को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर से रेल सेवा के माध्यम से जोड़ने की मांग भी की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्य भी जल्द पूरा होगा।

पश्चिमी भारत से मजबूत होगी तराई की रेल कनेक्टिविटी

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि नई रेल सेवाओं के माध्यम से तराई क्षेत्र का पश्चिमी भारत से रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )