Amarnath Yatra 2026: बिना एडवांस पंजीकरण जम्मू-कश्मीर न आएं, प्रशासन की श्रद्धालुओं से अहम अपील

Amarnath Yatra 2026: बिना एडवांस पंजीकरण जम्मू-कश्मीर न आएं, प्रशासन की श्रद्धालुओं से अहम अपील

Amarnath Yatra 2026: श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को लेकर जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि श्रद्धालु बिना एडवांस पंजीकरण के यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर न पहुंचें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या निर्धारित की गई है।

प्रतिदिन निर्धारित संख्या का पालन जरूरी

विभाग के अनुसार, अमरनाथ यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन सीमित संख्या में ही श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जाती है। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा संचालन को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है। प्रशासन ने कहा कि निर्धारित क्षमता का पालन सभी के लिए अनिवार्य है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने बताया कि यात्रा शुरू होने से काफी पहले देशभर की विभिन्न बैंक शाखाओं और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए एडवांस पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही अपना पंजीकरण करा चुके हैं, जिसके चलते तत्काल पंजीकरण के लिए उपलब्ध स्लॉट अब बेहद सीमित रह गए हैं।

पंजीकरण के बाद ही जम्मू-कश्मीर पहुंचने की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे एडवांस पंजीकरण कराने के बाद ही जम्मू-कश्मीर आएं। विभाग के अनुसार, प्रतिदिन बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को तत्काल श्रेणी में समायोजित करना संभव नहीं है। ऐसे श्रद्धालुओं से अपने क्रम की प्रतीक्षा करने और प्रशासन द्वारा आवंटित तिथि के अनुसार ही यात्रा करने का अनुरोध किया गया है।

निर्धारित तिथि से पहले यात्रा की अनुमति नहीं

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि कई पंजीकृत श्रद्धालु अपनी निर्धारित यात्रा तिथि से पहले ही जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी श्रद्धालु को उसकी पंजीकरण तिथि से पहले यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए सभी श्रद्धालु केवल अपनी पंजीकृत तिथि के अनुसार ही यात्रा के लिए पहुंचें।

बिना पंजीकरण पहुंचे श्रद्धालुओं से धैर्य रखने की अपील

प्रशासन ने बिना पंजीकरण के जम्मू-कश्मीर पहुंच चुके श्रद्धालुओं से भी धैर्य बनाए रखने और अपने क्रम का इंतजार करने की अपील की है। विभाग ने भरोसा दिलाया कि सभी श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलेगा, लेकिन यह निर्धारित प्रक्रिया और प्रतिदिन उपलब्ध यात्रा क्षमता के अनुरूप ही संभव होगा।

यात्रा व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पूरी तरह अनुपालन करें।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )