
Sonia Gandhi Book: ‘सामने आने पर नजरें चुराते हैं PM Modi’, सोनिया गांधी ने किताब में खोले इमरजेंसी और 2004 के राज
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ बिना किसी लॉन्च इवेंट के सीधे मार्केट में आ गई है। इस किताब के बुकस्टोर्स पर पहुंचते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों, 2004 में पीएम पद ठुकराने के पीछे की असली वजह और 1975 की इमरजेंसी जैसे कई विवादित और बड़े मुद्दों पर खुलकर बात की है। आइए जानते हैं इस नई किताब में उन्होंने क्या-क्या बड़े खुलासे किए हैं।
बिना किसी इवेंट के सीधे बुकस्टोर्स पहुंची किताब
सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) को लॉन्च करने के लिए कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं रखा गया। इसे सीधे देशभर की दुकानों पर बिक्री के लिए उतार दिया गया है। किताब में उन्होंने न सिर्फ अपनी पर्सनल लाइफ और सियासत पर बात की है, बल्कि सिख दंगों और अयोध्या के विवादित ढांचे जैसे बेहद संवेदनशील मुद्दों पर भी बेबाकी से अपनी राय रखी है।
PM Modi से रिश्तों पर खुलकर बोलीं सोनिया
किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों का जिक्र करते हुए सोनिया ने लिखा है कि अब नेताओं के बीच पहले जैसा अपनापन नहीं रहा। पुराने दौर में अलग-अलग पार्टियों के नेता एक-दूसरे से आत्मीयता से मिलते थे। उन्होंने बताया कि वे कभी-कभार स्पीकर के चैंबर में पीएम मोदी से मिलती हैं, जहां वे एक-दूसरे को नमस्ते करते हैं। सोनिया का दावा है कि सामने पड़ने पर पीएम मोदी अक्सर दूसरी तरफ देखने लगते हैं, ताकि उन्हें आंखें न मिलानी पड़ें।
हालांकि, सोनिया ने PM Modi की आलोचना के साथ-साथ उनकी तारीफ भी की है। उन्होंने माना कि मोदी एक बहुत ही साधारण बैकग्राउंड से निकलकर RSS में ताकतवर बने। सोनिया ने यह भी लिखा कि वे दिल्ली के ‘सत्ताधारी वर्ग’ (रूलिंग क्लास) और ड्राइंग रूम की राजनीतिक बहसों को लेकर मोदी की असहजता को अच्छी तरह समझ सकती हैं, क्योंकि खुद उन्हें भी इन सबमें भारत की असली सच्चाई से काफी दूरी महसूस होती थी।
2004 में क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री का पद?
साल 2004 के आम चुनावों में जीत के बाद सोनिया गांधी ने पीएम पद ठुकरा दिया था। इस बड़े फैसले के पीछे का राज खोलते हुए उन्होंने बताया कि उस वक्त उनके मन में अपनी जिम्मेदारी और निजी डर के बीच एक बड़ी जंग चल रही थी। एक तरफ पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनता का भारी दबाव था, तो दूसरी तरफ उनके बच्चे (राहुल गांधी और प्रियंका गांधी) बिल्कुल नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें।
चुनावों से कुछ महीने पहले बच्चों के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा है कि जब उनसे पूछा गया कि क्या वे जीत के बाद यह पद लेंगी, तो उन्होंने साफ शब्दों में और थोड़ी नाराजगी के साथ कहा था- “बिल्कुल नहीं, मैं इस बात को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हूं।” आखिरकार उन्होंने अपने दिल की सुनी और प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ दी।
‘इमरजेंसी इंदिरा गांधी की बड़ी गलती थी’
1975 में देश में लगाई गई इमरजेंसी (आपातकाल) को सोनिया गांधी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गलती माना है। किताब के मुताबिक, बाद में खुद इंदिरा गांधी को भी अपनी इस गलती का अहसास हो गया था।
सोनिया ने गांधी परिवार के अंदर के मतभेदों का खुलासा करते हुए लिखा कि उनके पति राजीव गांधी शुरुआत से ही इमरजेंसी लगाने के सख्त खिलाफ थे। राजीव ने अपनी मां को अगले चुनाव तक इंतजार करने की सलाह दी थी। वहीं दूसरी तरफ, छोटे बेटे संजय गांधी ने इसे तुरंत लागू करने का भारी दबाव बनाया था। सोनिया का मानना है कि अगर उस वक्त संजय गांधी को थोड़ा कंट्रोल में रखा गया होता, तो इमरजेंसी के कारण हुए नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

