
शेख हसीना की भारत से विदाई? वापसी के लिए मोदी सरकार ने ढाका के सामने रखीं ये 2 कड़ी शर्तें
पिछले दो साल से भारत में शरण ले रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत सरकार उन्हें वापस भेजने पर विचार कर रही है, लेकिन इसके लिए बांग्लादेश के सामने दो सख्त शर्तें रखी गई हैं। गौरतलब है कि अगस्त 2024 के तख्तापलट के बाद हसीना ने भारत में शरण ली थी। अब भारत इस संवेदनशील मुद्दे को सुलझाने के लिए कूटनीतिक रास्ते तलाश रहा है।
वापसी के लिए भारत की 2 प्रमुख शर्तें
भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि हसीना को वापस लाने की जिम्मेदारी बांग्लादेश की मौजूदा सरकार को ही उठानी होगी:
-
सैन्य विमान भेजे ढाका: पहली शर्त यह है कि बांग्लादेश को अपनी पूर्व पीएम को वापस ले जाने के लिए खुद एक सैन्य विमान भेजना होगा (ठीक वैसे ही जैसे वे अगस्त 2024 में बांग्लादेशी सैन्य विमान से भारत आई थीं)।
-
निष्पक्ष ट्रायल और अपील की गारंटी: दूसरी और सबसे अहम शर्त यह है कि बांग्लादेश सरकार को गारंटी देनी होगी कि शेख हसीना को उनके खिलाफ सुनाई गई मौत की सजा पर अपील करने का पूरा मौका मिलेगा और उन पर दोबारा निष्पक्ष मुकदमा (Fair Trial) चलाया जाएगा।
भारत के लिए यह कदम क्यों है जरूरी?
शेख हसीना का इतने लंबे समय तक भारत में रहना अंतरराष्ट्रीय और कूटनीतिक स्तर पर भारत के लिए एक असहज मुद्दा बन गया है। इसका असर दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों पर भी पड़ रहा है। भारत ने पहले उन्हें किसी तीसरे सुरक्षित देश भेजने की कोशिश की थी, लेकिन वह योजना सफल नहीं हो सकी।
जान का खतरा, फिर भी लौटना चाहती हैं हसीना
हाल ही में रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में शेख हसीना ने संकेत दिए हैं कि वह दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौट सकती हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह जानती हैं कि लौटते ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है या उन पर जानलेवा हमला हो सकता है, लेकिन उन्होंने अपनी सुरक्षा की चिंता बहुत पहले ही छोड़ दी थी।
जुलाई 2024 के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद बांग्लादेश की एक अदालत ने उन्हें अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। इसी डर से 5 अगस्त 2024 को वह देश छोड़कर भारत आ गई थीं। अब देखना यह है कि बांग्लादेश सरकार भारत की इन शर्तों पर क्या प्रतिक्रिया देती है।

