
असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: मिनी बस-कंटेनर की टक्कर में 23 लोगों की मौत
असम में काजीरंगा नेशनल पार्क (Kaziranga National Park) के पास शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण एक्सीडेंट में 23 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री अंदर ही फंस गए।
NH-715 पर हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा काजीरंगा के कोहोरा रेंज में नेशनल हाईवे-715 पर स्थित हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच सीधी टक्कर होने के कारण बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एक्सीडेंट के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस की बॉडी के अंदर बुरी तरह फंस गए थे।
स्थानीय लोगों और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से फंसे हुए लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को शुरुआती जानकारी में 7 लोगों की मौत का पता चला था, लेकिन गंभीर रूप से घायल कई अन्य लोगों ने बाद में दम तोड़ दिया, जिससे इस हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 23 हो गया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

