
Har Gahr Tiranga 2026: यूपी के 5 करोड़ घरों पर फहरेगा तिरंगा, 14-15 अगस्त को सिनेमाघरों में गूंजेंगे राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान
Har Ghar Tiranga 2026: देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष प्रदेश के 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सरकार के अनुसार, यह अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के तहत 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण भी कराया जाएगा।
जनभागीदारी से सफल होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने सभी सरकारी एवं अर्धसरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से अपने-अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापक जनसहभागिता से ही यह अभियान अपने उद्देश्य को पूरी तरह हासिल कर सकेगा।
2026 में 5 करोड़ घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान लगातार नए रिकॉर्ड बनाए हैं। वर्ष 2022 में प्रदेश के 4.10 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इसके बाद 2023 और 2024 में यह संख्या बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक हो गई, जबकि 2025 में अभियान 4.76 करोड़ घरों तक पहुंचा। अब वर्ष 2026 के लिए सरकार ने इसे बढ़ाकर 5 करोड़ घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध होगा तिरंगा
अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार ने राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण, उपलब्धता और वितरण की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थानों, एमएसएमई इकाइयों तथा स्थानीय उत्पादन केंद्रों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, डाकघरों और पेट्रोल पंपों के माध्यम से आम नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा।
पूरे प्रदेश में आयोजित होंगे तिरंगा थीम आधारित कार्यक्रम
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, कलाकृति प्रदर्शनियां, तिरंगा थीम पर रंगोली और विशेष प्रकाश सज्जा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान भी चलाया जाएगा। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, हवाई अड्डे, सरकारी भवन, प्रमुख बाजार और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगे की थीम पर सजाया जाएगा, जिससे पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता पर्व का उत्सवी माहौल दिखाई देगा।
स्कूल-कॉलेजों में युवाओं को कराया जाएगा आजादी के इतिहास से परिचय
विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, चित्रांकन प्रतियोगिताएं तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और देश के लिए बलिदान देने वाले महानायकों से परिचित कराना है।
14 और 15 अगस्त को सिनेमाघरों में होगा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का प्रसारण
इस वर्ष अभियान की एक विशेष पहल के तहत 14 और 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे बड़ी संख्या में लोगों तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचेगा और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होगी।
काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस से स्वतंत्रता दिवस तक होंगे विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएं। 9 से 15 अगस्त के बीच स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े सभी स्मारकों, शहीद स्थलों और स्मृति स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन स्थानों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा तथा पुलिस बैंड की सहभागिता से राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार किया जाएगा।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित होंगी विशेष प्रदर्शनियां
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ सहित सभी जिला मुख्यालयों पर विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विभाजन की त्रासदी झेल चुके परिवारों, विशेष रूप से पंजाबी, सिंधी और बंगाली समुदाय के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वे अपने अनुभव साझा कर सकें। बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों को भी इन कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में परिचर्चाएं, संवाद और विचार गोष्ठियां आयोजित कर युवाओं को विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके दुष्परिणाम और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
आजादी का संदेश घर-घर पहुंचाने की व्यापक तैयारी
राज्य सरकार ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संचार माध्यमों को भी इससे जोड़ने का निर्णय लिया है। ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों और ग्राम सचिवालयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक औपचारिक आयोजन न रहकर आजादी की गौरवगाथा, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को प्रदेश के प्रत्येक घर और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने वाला व्यापक जनआंदोलन बने।

