
अवध ओझा बोले- गलती से भगवान ने सत्ता में बिठा दिया तो 30-40 करोड़ को यूं ही निपटा दूंगा
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और मशहूर शिक्षक अवध ओझा का एक बयान इन दिनों चर्चा में है। विधायक बनने की पहली कोशिश में असफल रहने के बाद ओझा ने अब कहा है कि वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें कभी सत्ता में न बिठाया जाए। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि उन्हें बदतमीजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है और अगर वह सत्ता में आ गए तो 30-40 करोड़ लोगों को ऐसे ही निपटा देंगे।
अवध ओझा का यह बयान एक वीडियो में सामने आया है। उन्होंने कहा कि वह रोज भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें सत्ता से दूर रखा जाए। हालांकि, उन्होंने यह बात किस संदर्भ में कही, इसे लेकर उनका बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
2025 में पटपड़गंज से लड़ा था विधानसभा चुनाव
अवध ओझा आम आदमी पार्टी के टिकट पर पटपड़गंज सीट से 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। यह उनका पहला विधानसभा चुनाव था, लेकिन इसमें उन्हें भाजपा प्रत्याशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। चुनावी हार के बाद उनका राजनीति से मोहभंग होता नजर आया।
इसके बाद ओझा ने धीरे-धीरे राजनीति से दूरी बनानी शुरू कर दी। कुछ महीनों बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी से अपना रिश्ता भी खत्म कर लिया और संन्यास का ऐलान किया। हालांकि, इसके बावजूद वह कई मौकों पर इशारों में और कई बार खुलकर राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में सत्ता में न आने की उनकी प्रार्थना वाला बयान खासा दिलचस्प माना जा रहा है।
स्वरा भास्कर के बयान से शुरू हुई थी बात
अवध ओझा ने यह बात बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के एक विवादित बयान के संदर्भ से शुरू की थी। जौहर पर दिए गए बयान को लेकर ओझा ने अभिनेत्री को इतिहास पढ़ने की सलाह दी और उल्टे-सीधे कॉमेंट से बचने की बात कही।
बात आगे बढ़ी तो उन्होंने हिंदू-मुस्लिम को लेकर बनाई जाने वाली सोच पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों को आज की ऐसी स्थिति देखकर दुख होता होगा। इसी क्रम में उन्होंने सत्ता में आने को लेकर अपनी बात रखी।
ओझा ने कहा, “मैं प्रार्थना यही करता हूं कि भगवान मुझे सत्ता में मत लाना। डेली प्रार्थना करता हूं डेली।”
‘30-40 करोड़ लोगों को तो मैं ऐसे ही निपटा दूंगा’
अवध ओझा ने आगे कहा, “आज के भारत की जो स्थिति है उसे देखकर मैं परमात्मा से डेली सुबह शाम कहता हूं कि प्रभु हमको ना लाना सत्ता में और ना हमको सत्ता में बिठाना। नहीं 30-40 करोड़ लोगों को तो मैं ऐसे ही निपटा दूंगा। बदतमीजी कतई बर्दाश्त नहीं होगी देश में।”
उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, “अब आगे भगवान की लीला, भगवान की मर्जी। अगर गलती से उसने देश की गद्दी पर बिठा दिया 30-40 करोड़ तो…।”
ओझा के इस बयान में उन्होंने बदतमीजी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और इसी संदर्भ में सत्ता मिलने पर बड़ी संख्या में लोगों को ‘निपटा देने’ की बात कही। उनके इस बयान को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा हो रही है।
‘अच्छा हिंदू और अच्छा मुसलमान बनना चाहिए’
इसी दौरान अवध ओझा ने हिंदू और मुसलमानों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एक हिंदू को अच्छा हिंदू और एक मुसलमान को अच्छा मुसलमान बनना चाहिए। उनके मुताबिक व्यक्ति को अपने आचरण और काम से ऐसा उदाहरण पेश करना चाहिए कि लोग उसकी तारीफ करें।
उन्होंने कहा, “भाई तुम हिंदू हो तो कुछ ऐसा करो कि हिंदू होने पर गर्व महसूस हो। तुम मुसलमान हो तो ऐसा कुछ करो कि दुनिया तारीफ करे कि मुसलमान ऐसा होना चाहिए।”
अपनी बात को समझाने के लिए अवध ओझा ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस, रामानंद जी और मुस्लिम कवि रहीम का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा, “कैसे हिंदू थे स्वामी रामकृष्ण परमहंस, रामानंद जी, कैसे मुस्लिम थे रहीम… देश को मिटा दोगे तभी मानोगे।”

