
New Delhi: ब्रिक्स समिट में शामिल होने भारत आएंगे शी जिनपिंग, चीन ने की यात्रा की पुष्टि
New Delhi: भारत में होने वाली 18वीं ब्रिक्स समिट को लेकर चीन ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा की पुष्टि कर दी है। चीनी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ब्रिक्स समिट में शामिल होंगे। इससे पहले उनकी भारत यात्रा को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाली 18वीं ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने भारत आएंगे।
शी जिनपिंग की यात्रा पर पहले बना था असमंजस
शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर कुछ समय से अलग-अलग खबरें सामने आ रही थीं। जब चीनी विदेश मंत्रालय से उनकी भारत यात्रा के बारे में सवाल किया गया था, तब मंत्रालय ने इस संबंध में कोई जानकारी होने से इनकार किया था।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन से कुछ घंटे पहले जब पूछा गया कि क्या राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत के दौरे पर जाने वाले हैं, तो उन्होंने कहा था, “आपके सवाल के बारे में, मेरे पास अभी देने के लिए कोई जानकारी नहीं है।”
इस बयान के बाद शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। हालांकि, अब चीनी विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर उनकी यात्रा की पुष्टि कर दी है।
बड़े नेताओं के पहुंचने की तैयारी
12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली ब्रिक्स समिट के लिए भारत में तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस सम्मेलन में कई देशों के प्रमुख नेता शामिल होने वाले हैं।
समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान, अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के शामिल होने की जानकारी है। सम्मेलन को देखते हुए पूरी दिल्ली में 30,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
भारत में होने वाली इस ब्रिक्स समिट के दौरान संगठन अपनी स्थापना के 20 वर्ष भी पूरे कर रहा है। ऐसे में इस सम्मेलन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रेयर अर्थ मेटल्स पर भी हो सकती है अहम डील
शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर इससे पहले यह खबरें भी सामने आई थीं कि वह एक बड़े डेलीगेशन के साथ भारत आ सकते हैं। इस दौरान भारत और चीन के बीच रेयर अर्थ मेटल्स को लेकर एक बड़ी डील होने की संभावना की भी चर्चा थी।
हालांकि, उनकी यात्रा को लेकर स्थिति उस समय स्पष्ट नहीं थी, जब चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उसे शी जिनपिंग के भारत दौरे के बारे में जानकारी नहीं है। अब मंत्रालय की ओर से आधिकारिक पुष्टि किए जाने के बाद यह असमंजस समाप्त हो गया है।
क्या है 18वीं ब्रिक्स समिट की थीम?
नई दिल्ली में होने वाली 18वीं ब्रिक्स समिट की थीम इस बार “Building For Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है। इसका अर्थ लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण है।
12 और 13 सितंबर को होने वाले इस सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के शीर्ष नेता नई दिल्ली में एकत्र होंगे।

