Manpuri News: मैनपुरी में पेट्रोल पंप सेल्समैन की संदिग्ध गोली मारकर मौत, इलाके में फैली सनसनी

Manpuri News: मैनपुरी में पेट्रोल पंप सेल्समैन की संदिग्ध गोली मारकर मौत, इलाके में फैली सनसनी

Manpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के औछा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

200 मीटर दूर खून से लथपथ मिला शव

घटना नगला कंचन गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान गौरव कुमार (35) के रूप में हुई है, जो जसवाना रोड स्थित नगला दुर्जन के पास एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के तौर पर कार्यरत था। गुरुवार रात वह ड्यूटी पर तैनात था। बताया गया कि उसका साथी जगमोहन पंप के अंदर सो रहा था, जबकि गौरव बाहर मौजूद था।

देर रात एक ग्राहक पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचा। बाहर किसी को न देखकर वह अंदर गया और जगमोहन को जगाया। जब जगमोहन ने ग्राहक से कहा कि गौरव बाहर है, तो ग्राहक ने बताया कि बाहर कोई दिखाई नहीं दे रहा। इसके बाद जगमोहन को संदेह हुआ और उसने गौरव की तलाश शुरू की।

काफी देर तक खोजबीन करने के बाद गौरव का शव पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूर एक खाली स्थान पर मिला। वह खून से लथपथ था। उसके सिर में गोली लगी थी और शरीर का दाहिना हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त था। शव के पास एक तमंचा भी बरामद हुआ, जिससे मामला और उलझ गया है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ फोरेंसिक टीम भी मौजूद रही, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर बारीकी से जांच की।

मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना हत्या है या आत्महत्या।

इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

CATEGORIES

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )