
Banda News: बांदा में घरेलू विवाद के बाद दंपति ने यमुना में लगाई छलांग, पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर
Banda News: जिले के मरका कस्बे में घरेलू विवाद के चलते एक दंपति ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों और मरका पुलिस की मदद से दोनों को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति को जिला अस्पताल बांदा रेफर किया गया है।
सोमवार देर शाम हुई घटना
जानकारी के अनुसार, मरका कस्बा निवासी रामलखन (35) पुत्र रामलाल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह सोमवार सुबह ही दिल्ली से अपने गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि शाम के समय उसकी पत्नी सीमा उर्फ दीपिका (30) से घरेलू कलह हो गई।
विवाद के बाद दोनों घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित यमुना नदी पहुंचे और नदी में छलांग लगा दी।
ग्रामीणों और पुलिस ने नदी से बाहर निकाला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने दंपति को नदी में कूदते हुए देख लिया था। इसके बाद तुरंत मरका पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने सीमा उर्फ दीपिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामलखन की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बांदा रेफर किया गया।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका सीमा उर्फ दीपिका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्णकांत त्रिपाठी और थाना प्रभारी सुखराज बिंदु पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी सुखराज बिंदु ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

