Fatehpur News: मजदूरों के हक में उठी आवाज, समाजवादी मजदूर सभा ने राज्यपाल को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

Fatehpur News: मजदूरों के हक में उठी आवाज, समाजवादी मजदूर सभा ने राज्यपाल को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में समाजवादी मजदूर सभा ने नोएडा समेत पूरे प्रदेश में मजदूरों के मौलिक अधिकारों के हनन और उनके खिलाफ हो रही दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष एडवोकेट संदीप कुमार श्रीमाली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

नोएडा के श्रमिक आंदोलन का उठाया मुद्दा

ज्ञापन में विशेष रूप से नोएडा में चल रहे श्रमिक आंदोलन का जिक्र करते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। सभा ने मजदूरों के खिलाफ ‘रासुका’ जैसी कठोर दंडात्मक धाराओं के इस्तेमाल को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की। जिलाध्यक्ष संदीप कुमार श्रीमाली ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में मजदूरों के लिए अपने परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। ऐसे समय में सरकार को दमनात्मक नीति अपनाने के बजाय मजदूरों के हितों की रक्षा करनी चाहिए।

मजदूरों के अधिकारों को लेकर प्रमुख मांगें

समाजवादी मजदूर सभा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मजदूरों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया। संगठन ने मांग की कि मजदूरों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए न्यूनतम ₹26,000 मासिक वेतन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही नए श्रम कानूनों को मजदूर विरोधी बताते हुए पुरानी श्रम संहिता को तत्काल बहाल करने की बात कही गई।

सभा ने ठेकेदारी प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने और रोजगार की नियमितता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही कार्य के घंटे अधिकतम 8 निर्धारित करने की मांग रखी गई। सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे पर संगठन ने पीएफ में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, मजदूरों के लिए मजबूत सामाजिक सुरक्षा गारंटी देने और बिजली के स्मार्ट मीटरों के नाम पर हो रही कथित ‘लूट’ को बंद करने की मांग उठाई।

नारेबाजी के साथ जताई एकजुटता

ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘मुलायम सिंह यादव अमर रहें’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। इस मौके पर शिवशरन सिंह, हरिशंकर पासवान, प्रवीन सिंह यादव और संजय अहमद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

समाजवादी मजदूर सभा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मजदूरों का शोषण नहीं रुका, तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक अपने आंदोलन को और तेज करेगी। संगठन ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )