UP News: जनता दर्शन में भावुक हुए रायबरेली के बुजुर्ग, CM योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

UP News: जनता दर्शन में भावुक हुए रायबरेली के बुजुर्ग, CM योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान रायबरेली से पहुंचे एक बुजुर्ग अपनी पीड़ा बताते हुए भावुक हो गए। मुख्यमंत्री ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर भी मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।

हर पीड़ित की समस्या सुनकर समाधान का भरोसा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में मौजूद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं जानीं। कुर्सियों पर बैठे लोगों से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी पीड़ा सुनी। मुख्यमंत्री ने सभी पीड़ितों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दर्शन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, खुशहाली और मजबूत कानून-व्यवस्था नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। इसमें बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कानून के दायरे में प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।

रायबरेली के बुजुर्ग ने सुनाई मारपीट और रुपये छीनने की शिकायत

जनता दर्शन में रायबरेली से एक बुजुर्ग भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने अपने शरीर पर लगी चोटें मुख्यमंत्री को दिखाईं। अपनी पीड़ा बताते समय उनका गला रुंध गया। मुख्यमंत्री ने उनसे पूरे मामले की जानकारी ली।

बुजुर्ग ने बताया कि कुछ लोगों ने उन पर अकारण हमला किया। उनका कहना था कि आरोपियों को लगता है कि वह कहीं बाहर रहते हैं। इसी के चलते बदमाशों ने घात लगाकर उनके साथ मारपीट की और रुपये भी छीन लिए।

मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौजूद अधिकारियों को प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में कुछ लोगों ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी दबंग व्यक्ति ने गरीब की जमीन पर अवैध या जबरन कब्जा किया है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन को अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त कराया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने राजस्व से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रकरणों में अनावश्यक देरी न हो।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )