
गुरुद्वारे में सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला, निहंग ने कृपाण से किया वार; हाथ में लगी चोट
Sukhbir Singh Badal Attack: महाराष्ट्र के धार्मिक शहर नांदेड़ से गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल पर ऐतिहासिक माता साहिब कौर गुरुद्वारा परिसर के पास एक निहंग सिख ने कथित तौर पर कृपाण से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट आई, जबकि उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। हमलावर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे सुखबीर बादल
जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल अपने पूरे परिवार के साथ तख्त श्री पटना साहिब में नमन करने के बाद नांदेड़ पहुंचे थे। यहां वह ऐतिहासिक माता साहिब कौर गुरुद्वारा परिसर में गुरु घर में शीश नवाने और माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक निहंग सिख ने धारदार कृपाण से उनकी ओर वार कर दिया।
अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों के बीच हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए सुखबीर सिंह बादल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
हाथ में लगी चोट, निजी अस्पताल में इलाज जारी
कृपाण से किए गए हमले में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट लग गई। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पास के निजी यशोसाई अस्पताल पहुंचाया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है और उनकी सेहत पर निगरानी रखी जा रही है।
हालांकि, अस्पताल प्रबंधन या स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक सुखबीर सिंह बादल की मेडिकल स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
हमलावर निहंग पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही नांदेड़ पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित हमलावर निहंग व्यक्ति को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी उससे हमले के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने के पीछे आरोपी की क्या मंशा थी और इस वारदात के पीछे कोई अन्य साजिश थी या नहीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सुखबीर बादल को बचाते समय सुरक्षा अधिकारी भी घायल
हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल को बचाने की कोशिश में उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया। घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

