
Aligarh News: बीच बाजार युवक से मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस ने दर्ज किया केस
Aligarh News: अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ बीच सड़क पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में दो युवक एक बाइक सवार को रोककर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पास में मौजूद कुछ लोग तमाशबीन बने पूरी घटना देखते रहे।
सड़क पर गिराकर बेरहमी से की पिटाई
जानकारी के अनुसार, विजयगढ़ थाना क्षेत्र के नगला बरी निवासी सुनील 25 जुलाई की सुबह अपनी शिक्षिका पत्नी को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अकराबाद के मुख्य बाजार में पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने सुनील पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने सुनील को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बुजुर्ग ने किया बीच-बचाव, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
मारपीट के दौरान एक बुजुर्ग ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया। इसी बीच बाजार में लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों युवक सुनील के साथ मारपीट करते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी
घायल सुनील ने अकराबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य मानते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।
दिनदहाड़े मुख्य बाजार में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रहे और भय का माहौल समाप्त हो सके।

