NSE IPO: लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकता है शेयर, GMP में सुधार; जानें ब्रोकरेज की राय

NSE IPO: लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकता है शेयर, GMP में सुधार; जानें ब्रोकरेज की राय

NSE IPO: दशकों के इंतजार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का आईपीओ आखिरकार बाजार में दस्तक देने जा रहा है। NSE का आईपीओ 17 सितंबर को खुलेगा और निवेशक 21 सितंबर तक इसमें दांव लगा सकेंगे। कंपनी ने आईपीओ के लिए 1700 रुपये से 1785 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है।

इस आईपीओ के इश्यू साइज में भी बदलाव किया गया है। पहले इसका आकार 30,000 करोड़ रुपये प्रस्तावित था, जिसे घटाकर अब 22,561 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसी बीच ग्रे मार्केट में भी NSE IPO को लेकर हलचल बनी हुई है और मौजूदा GMP 200 रुपये के पार पहुंच गया है।

लंबी अवधि में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

NSE IPO पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह इश्यू लंबी अवधि के निवेशकों के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। हालांकि, शॉर्ट टर्म में इससे बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं रखने की सलाह दी जा रही है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर NSE IPO की लिस्टिंग करीब 10 प्रतिशत के प्रीमियम पर होती है तो इसे अच्छा प्रदर्शन माना जा सकता है। हालांकि, आईपीओ की वास्तविक मजबूती का आकलन लिस्टिंग के तुरंत बाद के प्रदर्शन से नहीं, बल्कि करीब 6 महीने बाद किया जा सकेगा।

दरअसल, छह महीने बाद प्री-आईपीओ निवेशकों के शेयरों की बिक्री पर लगी पाबंदी हटेगी। ऐसे में उस समय बाजार में शेयरों की बिकवाली का दबाव देखने को मिल सकता है।

SAMCO ने दी IPO सब्सक्राइब करने की सलाह

ब्रोकरेज फर्म SAMCO ने NSE IPO को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक NSE की मजबूत लीडरशिप, बेहतर वित्तीय स्थिति, हाई मार्जिन और कर्ज मुक्त बैलेंस शीट इसके प्रमुख मजबूत पक्ष हैं।

1785 रुपये के अपर प्राइस बैंड पर NSE का वैल्यूएशन FY2026 के 42.89x पर बैठता है। हालांकि, ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी के कारोबार में डेरिवेटिव्स पर अधिक निर्भरता निवेशकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

मजबूत वित्तीय प्रदर्शन NSE की बड़ी ताकत

NSE के आईपीओ को लेकर निवेशकों का आकर्षण बढ़ाने वाला एक प्रमुख कारण कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति भी है। वित्त वर्ष 2024 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की इनकम 16,352.06 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर 18,713.37 करोड़ रुपये हो गई।

वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 13.10 प्रतिशत बढ़कर 4,560 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान टैक्स भुगतान के बाद कंपनी का प्रॉफिट 3,120 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA भी 3,594 करोड़ रुपये रहा।

हालांकि, SAMCO के सामने एक चिंता राजस्व के केंद्रीकरण को लेकर है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान कुल रेवेन्यू में 47 प्रतिशत का योगदान महज 10 प्रतिशत से आया। इसमें भी टॉप 3 का योगदान 21.92 प्रतिशत रहा है।

NSE IPO GMP में 218 रुपये का प्रीमियम

इनवेस्टर्स गेन की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रे मार्केट में NSE IPO आज 218 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। मौजूदा GMP के आधार पर करीब 12 प्रतिशत के लिस्टिंग गेन का संकेत मिल रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कल शाम के मुकाबले आज NSE IPO के GMP में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, ग्रे मार्केट के प्रीमियम को केवल संकेतक के तौर पर देखा जाना चाहिए और इससे शेयर की वास्तविक लिस्टिंग कीमत या रिटर्न की गारंटी नहीं होती।

डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। यह सामग्री शेयरों को खरीदने या बेचने की सलाह नहीं देती है।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )