
Amethi News: अमेठी में सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, मोबाइल पर बात करते वाहन चालकों के खिलाफ 15 दिन चलेगा विशेष अभियान
Amethi News: अमेठी में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों के खिलाफ 15 दिन का विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने, 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों की जांच तेज करने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की सख्ती
जिलाधिकारी संजय चौहान ने मंगलवार को बताया कि अमेठी में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदीशपुर और इन्हौना क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर गंभीर चिंता जताते हुए अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संबंधित उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कमरौली रेलवे क्रॉसिंग का होगा चौड़ीकरण
कमरौली रेलवे क्रॉसिंग पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के क्रम में रेलवे क्रॉसिंग के चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरीगंज और जायस में बनेगा व्यवस्थित टैक्सी स्टैंड
जिलाधिकारी ने बताया कि गौरीगंज और जायस नगर पालिका क्षेत्रों में टैक्सी स्टैंड एवं पार्किंग के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। चयनित स्थानों पर पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए टैक्सी स्टैंड का सुव्यवस्थित संचालन कराया जाएगा, ताकि यात्रियों और वाहन चालकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक से अनुपस्थित रहने पर एआरएम का एक दिन का वेतन रोका
जिला मुख्यालय गौरीगंज बस स्टेशन निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान एआरएम रोडवेज के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने एआरएम का एक दिन का वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजामऊ नहर की पटरी की मरम्मत के संबंध में सिंचाई खंड-41 के अधिशासी अभियंता को कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात निरीक्षक द्वारा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने अगले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले चालकों के विरुद्ध अधिकतम चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
प्रमुख मार्गों पर होगा स्थलीय निरीक्षण
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग तथा सड़क मरम्मत के कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। जिन स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां भौतिक सत्यापन भी कराया जाए ताकि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
स्कूली वाहनों और पुराने वाहनों की होगी नियमित जांच
जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों और सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहनों और बसों की नियमित जांच की जाए तथा उनके फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। साथ ही 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सड़क सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी चालान अभियान लगातार चलाया जाए।
संकेतक बोर्ड और प्रकाश व्यवस्था होगी दुरुस्त
बैठक में सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता बढ़ाने, टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, गैस कटर और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड और चेतावनी संकेतों को दुरुस्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए चलेगा अभियान
जिलाधिकारी ने सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अतिक्रमण सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

