Raebareli News: रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण; विकास और रोजगार को मिलेगा नया आयाम

Raebareli News: रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण; विकास और रोजगार को मिलेगा नया आयाम

Raebareli News : उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे का आज विधिवत लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई के मल्लावा में इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जिलों को आपस में जोड़ते हुए पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच दूरी और समय दोनों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रायबरेली के ऊंचाहार तहसील के रोझैया भीखमशाहपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने शिरकत की। उनके साथ राज्य मंत्री दिनेश सिंह, ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे और सलोन के विधायक अशोक कोरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

विकास की दिशा में मील का पत्थर

उद्घाटन के बाद प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में इस परियोजना का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। एक्सप्रेसवे के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा

प्रभारी मंत्री ने यह भी कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और विकास की नई कहानी लिखी जाएगी। वहीं ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में उद्घाटन समारोह का आयोजन होना गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेसवे के कारण क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का विकास हो रहा है, जो प्रदेश के औद्योगिक विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ ही उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क और आर्थिक समृद्धि को नई दिशा मिलेगी।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )