Jalaun News: जालौन के शहीद पुलिसकर्मियों को नम आंखों से अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ घरों के लिए रवाना

Jalaun News: जालौन के शहीद पुलिसकर्मियों को नम आंखों से अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ घरों के लिए रवाना

Jalaun News: हरियाणा के नूंह एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले जालौन पुलिस के चार कर्मियों को बुधवार को पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

नूंह एक्सप्रेसवे हादसे में जालौन जनपद में तैनात चार पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद चारों पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जालौन लाए गए। पुलिस लाइन पहुंचते ही अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

हादसे में सब इंस्पेक्टर मोहित यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही अशोक और सिपाही प्रदीप की जान चली गई। पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में एडीजी कानपुर आलोक कुमार, आईजी झांसी आशीष कुलाहरी, डीएम राजेश कुमार पांडेय, एसपी विनय कुमार सिंह और एएसपी ईशान सोनी सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा वातावरण शोकमय बना रहा। साथी पुलिसकर्मियों और मौजूद लोगों ने नम आंखों से अपने साथियों को अंतिम विदाई दी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक पुलिसकर्मियों के परिजन भी पुलिस लाइन में मौजूद रहे। अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाने का प्रयास किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए। इसके बाद सभी शवों को पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके पैतृक आवासों के लिए रवाना किया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पुलिस विभाग में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अधिकारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठ और बहादुर बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )