Kanpur News: मूसानगर में ऑटो लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, एक घायल

Kanpur News: मूसानगर में ऑटो लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, एक घायल

Kanpur News: कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र में 25 जुलाई को हुई ऑटो लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना मूसानगर पुलिस ने 31 जुलाई को हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस तथा लूट की घटना से संबंधित सामान भी बरामद किया है।

अतबलपुर तिराहे के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़

पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 31 जुलाई को थाना मूसानगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के अनुसार, ऑटो लूट की घटना में शामिल आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में गजनेर-चांदपुर रोड स्थित अतबलपुर तिराहे की ओर पैदल जा रहे थे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रुकने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरे आरोपी को पुलिस टीम ने पीछा कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पहला आरोपी हिमांशु यादव (22 वर्ष) पुत्र करण यादव निवासी लक्ष्मीबाई नगर, पुखरायां, थाना भोगनीपुर है, जिसका स्थायी पता ग्राम सरौटा प्रथम, थाना मूसानगर, जनपद कानपुर देहात है। मुठभेड़ के दौरान हिमांशु यादव घायल हो गया।

दूसरा आरोपी शुभम (25 वर्ष) पुत्र रामबाबू निवासी ग्राम चकचालपुर, थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात है, जिसे पुलिस ने मौके पर दौड़ाकर गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे और लूटा गया सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो अवैध देशी तमंचे (315 बोर), चार खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस (315 बोर), वादी का टूटा हुआ मोबाइल फोन और पहचान पत्र बरामद किया है। इसके अलावा ऑटो संख्या UP78MN3053 की आरसी की छायाप्रति भी बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त और लूटा गया ऑटो रिक्शा पहले ही बरामद किया जा चुका है।

पूछताछ में कबूला 25 जुलाई की ऑटो लूट का अपराध

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 25 जुलाई की रात ऑटो लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, अवैध शस्त्र रखने तथा लूट की घटना के संबंध में थाना मूसानगर में मु0अ0सं0 72/2026 के तहत धारा 303(2)/123 बीएनएस तथा मु0अ0सं0 73/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )