Meerut News: मेरठ में 17 वर्षीय छात्रा अनुष्का हत्याकांड का खुलासा, पैसों के विवाद में ईंट से हत्या कर नाले में फेंका शव

Meerut News: मेरठ में 17 वर्षीय छात्रा अनुष्का हत्याकांड का खुलासा, पैसों के विवाद में ईंट से हत्या कर नाले में फेंका शव

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के कंकरखेड़ा क्षेत्र से करीब डेढ़ माह पहले लापता हुई 12वीं कक्षा की छात्रा अनुष्का उर्फ रिया हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद एक फास्ट फूड दुकान कर्मचारी ने किशोरी की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर रोहटा बाईपास के पास एक नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।

16 अप्रैल को हुई थी लापता

पुलिस के अनुसार दौराला क्षेत्र के चिरौड़ी गांव निवासी नेमपाल की पुत्री अनुष्का उर्फ रिया (17) कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह शोभापुर में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रही थी।

बताया गया कि 16 अप्रैल को वह अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 28 अप्रैल को कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

जांच के लिए बनाई गईं तीन पुलिस टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया तंत्र की सहायता से जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस का शक श्याम धानक पर गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर आरोपी ने जांच को भटकाने का प्रयास किया और चंडीगढ़-मोहाली क्षेत्र में जाकर छिप गया। इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन और अन्य संचार माध्यम भी बंद कर दिए थे।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस की तकनीकी टीम ने एडवांस इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी अनुष्का से पहचान थी और वह उससे पैसे लेती थी। रुपये वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान उसने ईंट से हमला कर अनुष्का की हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बोरे में भरकर रोहटा बाईपास के पास नाले में फेंक दिया गया।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ शव

एसपी सिटी के निकट पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छात्रा का शव बरामद कर लिया। पुलिस अब मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी श्याम धानक (42) मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है। वह वर्तमान में शोभापुर कट स्थित एक फास्ट फूड की दुकान पर काम करता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )