सास की अंत्येष्टि में शामिल होने आए दामाद को सरयू में खींच ले गया मगरमच्छ, तलाश में जुटी पुलिस

सास की अंत्येष्टि में शामिल होने आए दामाद को सरयू में खींच ले गया मगरमच्छ, तलाश में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू नदी के तट पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक को स्नान के दौरान मगरमच्छ ने हमला कर गहरे पानी में खींच लिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

ग्रेटर नोएडा से ससुराल आया था युवक

जानकारी के मुताबिक, मगरमच्छ के हमले का शिकार हुए दीपक शर्मा (30 वर्ष) मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सिग्मा परी चौक क्षेत्र के निवासी थे। वह ग्रेटर नोएडा की एक बड़ी निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। करीब सात साल पहले उनकी शादी उमरीडीहा गांव निवासी लालचंद की बेटी रेखा के साथ हुई थी।

बताया जा रहा है कि दीपक शर्मा को उनकी सास उर्मिला देवी के आकस्मिक निधन की सूचना मिली थी। इसके बाद वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपनी पत्नी रेखा के साथ कार से गोंडा जिले के उमरी गांव स्थित ससुराल पहुंचे थे।

अंतिम संस्कार के बाद हुआ हादसा

दोपहर के समय अंतिम संस्कार की रस्में निभाने के लिए ग्रामीण और रिश्तेदार थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही घाट, सरयू नदी तट पर एकत्र हुए थे। चिता को मुखाग्नि देने के बाद घाट की परंपरा के अनुसार दीपक शर्मा नदी में स्नान करने उतरे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपक अभी घुटनों तक पानी में ही थे कि तभी नदी की गहराई से निकले एक विशालकाय मगरमच्छ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। मगरमच्छ ने उनका पैर पकड़ लिया और देखते ही देखते उन्हें खींचते हुए गहरे पानी में ले गया।

लोगों में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने शोर मचाते हुए लाठी-डंडों के सहारे मगरमच्छ को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक मगरमच्छ दीपक को लेकर पानी में गायब हो चुका था।

इस हादसे के बाद घाट से लेकर गांव तक मातम का माहौल है। पत्नी रेखा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही उमरी बेगमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय मल्लाहों की मदद से नदी में जाल डालकर युवक की तलाश की जा रही है। साथ ही वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है ताकि मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई की जा सके।

इलाके में दहशत का माहौल

सरयू नदी में हुए इस खौफनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग नदी किनारे जाने से डर रहे हैं। प्रशासन लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )