
यूपी में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, पहली बार होगी डिजिटल और जातीय गणना
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ के संकल्प के साथ मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि समग्र, समावेशी और सुनियोजित विकास का मजबूत आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय डेटा आधारित निर्णयों का है और जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना यह सुनिश्चित करने का माध्यम है कि विकास की धारा में समाज का अंतिम व्यक्ति भी समान रूप से सहभागी बन सके।
07 मई से 21 मई 2026 तक मिलेगा स्वगणना का विकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में पहली बार डिजिटल जनगणना कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। आमजन को 07 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना का विकल्प भी दिया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर सूचीकरण का कार्य करेंगे।
दूसरी बार नहीं, पहली बार होगी जातीय गणना और वन ग्रामों को शामिल किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी। इस बार जनगणना में जातीय गणना को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही पहली बार वन ग्रामों को भी जनगणना प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाया गया है। इसके लिए एक विशेष जनगणना पोर्टल विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से ग्राम और वार्ड स्तर तक कार्यों की लगातार निगरानी की जा सकेगी।
उत्तर प्रदेश की अनुमानित जनसंख्या 25 करोड़ 70 लाख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश की अनुमानित जनसंख्या वर्तमान में लगभग 25 करोड़ 70 लाख है। जनगणना कार्य प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जिलों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 745 अन्य नगरीय निकायों, 21 छावनी परिषदों, 57,694 ग्राम पंचायतों और करीब 1 लाख 4 हजार राजस्व गांवों में संपादित किया जाएगा।
जनगणना कार्य में लगाए जाएंगे 5.47 लाख कार्मिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस व्यापक कार्य के लिए लगभग 5.47 लाख कार्मिकों की तैनाती की जा रही है। इनमें 4.50 लाख प्रगणक, 85 हजार सुपरवाइजर और 12 हजार राज्य एवं जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दोनों चरणों के लिए करीब 5.35 लाख कार्मिकों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

