
Fatehpur News: फतेहपुर में 5 महीने की लव मैरिज का खौफनाक अंत: पहले पति की मौत, फिर पत्नी ने भी लगाई फांसी
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लव मैरिज के महज पांच महीने बाद ही पति-पत्नी ने आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बिंदकी कस्बे के बाराती नगर की घटना
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के बिंदकी कस्बे के मोहल्ला बाराती नगर में किराए के कमरे में रह रहे अमरजीत कुशवाहा (28), पुत्र सीताराम कुशवाहा, और उनकी पत्नी रेखा सोनकर (25) ने गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मध्य रात्रि करीब 1:00 बजे दोनों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि अमरजीत कुशवाहा ने करीब पांच महीने पहले अपने ही गांव की रहने वाली रेखा सोनकर से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों लगभग एक माह से बिंदकी के बाराती नगर स्थित एक चार मंजिला मकान में किराए के कमरे में रह रहे थे।
पहले पति ने उठाया खौफनाक कदम
बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। इसी दौरान अमरजीत कुशवाहा चार मंजिला मकान की छत पर पहुंच गया और वहां स्थित बाथरूमनुमा कोठरी के अंदर मफलर से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
इस घटना की जानकारी उसकी पत्नी रेखा सोनकर ने स्वयं अन्य लोगों के साथ कोतवाली बिंदकी पहुंचकर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोठरी का दरवाजा तोड़ने पर अमरजीत का शव मफलर के फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
जांच के दौरान पत्नी ने भी की आत्महत्या
जब पुलिस अमरजीत के शव को पोस्टमार्टम सहित अन्य विधिक प्रक्रिया में जुटी थी, उसी दौरान रेखा सोनकर कहीं दिखाई नहीं दे रही थी। उसकी तलाश की गई तो मकान की छत पर रेलिंग में लगे सरिये के सहारे कपड़े सुखाने वाली रस्सी से बने फंदे पर उसका शव लटका मिला। रेखा ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके चलते पांच महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले इस दंपति ने इतना बड़ा और खौफनाक कदम उठा लिया।

