Auraiya News: औरैया में गौशाला की अव्यवस्थाओं पर सख्त कार्रवाई, सचिव को नोटिस

Auraiya News: औरैया में गौशाला की अव्यवस्थाओं पर सख्त कार्रवाई, सचिव को नोटिस

Auraiya News: औरैया जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बरौनाकला स्थित गौशाला में अव्यवस्थाएं मिलने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में साफ-सफाई, पेयजल और हरे चारे की समुचित व्यवस्था न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

मौके पर पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित सचिव राजू सेंगर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन द्वारा गौवंशों के संरक्षण और पालन-पोषण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

चहारदीवारी और पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला की चहारदीवारी को सुरक्षित करने और बाहरी पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा। गौवंशों के लिए हरे चारे की कमी पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा में टंकियों की ऊंचाई अधिक पाई गई, जिस पर उसे ठीक कराने और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए, ताकि गौवंशों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गांव में जलभराव की समस्या पर तत्काल संज्ञान

गौशाला निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने गांव का भी दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने इंटर कॉलेज के पीछे जलभराव की समस्या से अवगत कराया। मौके पर निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित लेखपाल को जल निकासी के लिए नाली निर्माण का प्रस्ताव ग्राम सभा से भेजने और नाली को गांव के तालाब से जोड़ने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों द्वारा सफाईकर्मी की तैनाती न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल दो सफाईकर्मियों की नियुक्ति कर अगले दिन से कार्य पर लगाने के आदेश दिए।

पंचायत सहायक हटाने और मतदाता सूची की समीक्षा के निर्देश

अनुपस्थित पंचायत सहायक पूनम यादव को विवाह के कारण हटाकर नए पंचायत सहायक की नियुक्ति के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद जिलाधिकारी जनता विद्यालय इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि सुनवाई कर तार्किक विसंगतियों को दूर किया जाए और प्रत्येक नवयुवक का फॉर्म-6 भरवाकर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित किया जाए।

CATEGORIES

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )