Aligarh News: कुपोषण पर प्रशासन सख्त, NRC को AC करने के निर्देश; आंगनबाड़ी केंद्रों पर 100% हाजिरी पर जोर

Aligarh News: कुपोषण पर प्रशासन सख्त, NRC को AC करने के निर्देश; आंगनबाड़ी केंद्रों पर 100% हाजिरी पर जोर

Aligarh News: अलीगढ़ जिले में कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को विकास भवन सभागार में CDO योगेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। बैठक में पोषण एवं बाल विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 27 अगस्त तक जिले में 10,000 उपलब्धियां दर्ज की गई हैं। यह निर्धारित लक्ष्य का 54.3% है।

वहीं, अगस्त माह में 1 से 27 अगस्त के बीच 1,893 उपलब्धियां दर्ज की गईं, जो अगस्त के निर्धारित लक्ष्य का 123.4% है। इस तरह अगस्त में विभाग ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की।

आंगनबाड़ी केंद्रों की 100% उपस्थिति पर जोर

बैठक में जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिले के कुल 3039 केंद्रों में से 2798 केंद्र पोषण ट्रैकर पर खुले मिले। इस तरह केंद्रों के संचालन की दर 92.07% रही।

इस आंकड़े पर CDO योगेन्द्र कुमार ने नाराजगी जताई और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को प्रतिदिन 100% खोलने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण ट्रैकर पर समय से फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

टेक होम राशन (THR) की जुलाई माह की फीडिंग 80.64% रही। CDO ने इसकी प्रगति में सुधार करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर, बच्चों के वजन और लंबाई मापने के मामले में अलीगढ़ ने बेहतर प्रदर्शन किया। जुलाई में जिले में 99.62% मापन दक्षता दर्ज की गई।

मई से जुलाई के बीच 802 कुपोषित बच्चे चिन्हित

कुपोषण से जुड़े आंकड़ों ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ाई है। मई से जुलाई के बीच जिले में 802 नए कुपोषित बच्चों की पहचान की गई। इनमें 184 बच्चे अति गंभीर कुपोषित (SAM) और 618 बच्चे मध्यम गंभीर कुपोषित (MAM) श्रेणी में पाए गए।

CDO ने इन बच्चों की नियमित और रोजाना निगरानी करने के साथ ही जरूरत के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) को वातानुकूलित करने और उसकी पूरी क्षमता के साथ संचालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जुलाई में NRC में 21 बच्चों का इलाज किया गया।

आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की भी समीक्षा की गई। 2023-24 और 2024-25 में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि केंद्रों का संचालन बेहतर ढंग से हो सके।

237 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कांत राय ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री के 237 रिक्त पदों के लिए 4,355 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ब्रॉडशीट CDPOs को उपलब्ध करा दी गई है और चयन प्रक्रिया जारी है।

वहीं, सहायिका के 247 रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती शुरू होने की जानकारी दी गई। CDO ने भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने और प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली दो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित

बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। शहर की डोरी नगर परियोजना की अर्चना शर्मा और खैर की गौमत परियोजना की दीपिका मित्तल को CDO योगेन्द्र कुमार ने प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )