
Prayagraj News: प्रयागराज में जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था का महापौर ने लिया जायजा, अधिकारियों को सख्त निर्देश
Prayagraj News: प्रयागराज में जलभराव और जल निकासी की समस्या को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में वार्ड 13 मलाकराज के अंतर्गत बंगाली टोला से परिणय गेस्ट हाउस होते हुए बैरहना चौराहा और बैरहना चौराहे से कब्रिस्तान तक महापौर गणेश केसरवानी ने सीवर, नाला-नालियों और जल निकासी व्यवस्था का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने सीवर की साफ-सफाई, नाला-नालियों की व्यवस्था, जल निकासी और स्वच्छता से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल पंप लगाने के निर्देश
वर्षा के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित स्थानों पर तत्काल पंप लगाए जाएं और पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द राहत पहुंचाई जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद आकाश सोनकर ने महापौर को क्षेत्र में जल निकासी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों से भी अवगत कराया। महापौर ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जल निकासी और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी पर जोर
महापौर ने अधिकारियों को जल निकासी और साफ-सफाई से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज में जल निकासी, सीवर और नाला-नालियों की सफाई के साथ स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार धरातल पर काम कर रहा है। नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना और उन्हें जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि क्षेत्र में जल निकासी से संबंधित समस्याओं पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद आकाश सोनकर, अवर अभियंता राम सक्सेना, गंगा प्रदूषण एवं अधिशासी अभियंता परमार सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी पुष्पक सिंह, अमन गुप्ता, वरुण, शिब्बू, आशीष केसरवानी आदि मौजूद रहे।

