
परिणीति चोपड़ा ने क्यों रिकॉर्ड की ‘श्री शिव रुद्राष्टकम्’? राघव चड्ढा ने साझा की दिल छू लेने वाली कहानी
बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा द्वारा रिकॉर्ड की गई ‘श्री शिव रुद्राष्टकम्’ इन दिनों सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से लोकप्रिय हो रही है। यह स्तुति अब स्पॉटिफाई और यूट्यूब म्यूजिक पर उपलब्ध है। परिणीति ने इसकी रिकॉर्डिंग की झलकियां और लिंक अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा किए हैं। इसी बीच उनके पति और राजनेता राघव चड्ढा ने भी इस स्तुति से जुड़ी एक भावुक कहानी साझा की है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है।
राघव चड्ढा ने बताई रिकॉर्डिंग के पीछे की कहानी
राघव चड्ढा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बताया कि इस स्तुति की रिकॉर्डिंग उनके लिए एक खास सरप्राइज थी। उन्होंने लिखा कि एक बार बातचीत के दौरान उन्होंने परिणीति को बताया था कि उनकी दादी मां घर पर यह स्तुति गाया करती थीं।
राघव ने अपनी स्टोरी में लिखा, “इस स्तुति को रिकॉर्ड किए जाने के पीछे एक छोटी सी कहानी। एक बार मैंने चलते-फिरते यह बताया था कि मेरी दादी मां घर पर यह स्तुति गाया करती थीं। अगली बात मुझे यह पता चली कि तुमने इसे रिकॉर्ड किया है। यह मेरे लिए पहले से ही एक बहुत खास याद थी लेकिन अब इसे तुम्हारी आवाज में सुनना बिल्कुल अलग ही अर्थ दे गया है। बहुत ही खूबसूरत और बहुत ही सहज। तुम्हारे पास एक बहुत खास तोहफा है, प्लीज हमेशा गाती रहना। हर हर महादेव।”
उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है।
परिणीति ने दिया प्यार भरा जवाब
राघव चड्ढा की इंस्टाग्राम स्टोरी को री-शेयर करते हुए परिणीति चोपड़ा ने भी अपना रिएक्शन दिया। उन्होंने लिखा, “तुम्हारे लिए तो कुछ भी। हर हर महादेव।”
इस भावुक संवाद ने दोनों के प्रशंसकों का दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया पर लोग इस जोड़ी की सराहना कर रहे हैं और उनकी पोस्ट पर लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यूट्यूब पर मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
परिणीति चोपड़ा ने ‘श्री शिव रुद्राष्टकम्’ को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है। रिलीज के महज 22 घंटों के भीतर इस वीडियो को 3 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
श्रोताओं की ओर से भी इस स्तुति को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कई यूजर्स ने परिणीति की आवाज और प्रस्तुति की तारीफ की है। वहीं कुछ प्रशंसकों ने उनसे अन्य धार्मिक स्तुतियों और भजनों की रिकॉर्डिंग करने का अनुरोध भी किया है।
एक यूजर ने कमेंट किया, “परिणीति प्लीज ‘करपूर गौरं’ की भी रिकॉर्डिंग करें।” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “ओम नमः शिवाय की भी रिकॉर्डिंग सुनना चाहेंगे।”
रिकॉर्डिंग की झलकियां भी कीं साझा
हालांकि परिणीति द्वारा पोस्ट किए गए मुख्य वीडियो में वह गाती हुई नजर नहीं आती हैं, लेकिन उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रिकॉर्डिंग से जुड़ी कुछ क्लिप्स साझा की हैं। इन झलकियों को भी प्रशंसकों ने काफी पसंद किया है।
हाल ही में इन वजहों से भी रही थीं चर्चा में
परिणीति चोपड़ा पिछले कुछ समय से अपने निजी जीवन को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं। हाल ही में उन्होंने मां बनने के अनुभव और डिलीवरी के बाद होने वाले तनाव तथा डिप्रेशन पर खुलकर बात की थी।
अभिनेत्री ने कहा था कि मां बनने की जिम्मेदारी निभाना एक साथ कई नौकरियां करने जैसा अनुभव है। गौरतलब है कि परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा का विवाह 24 सितंबर 2023 को हुआ था। इसके बाद 19 अक्तूबर 2025 को उन्होंने अपने पहले बच्चे नीर का स्वागत किया।

