BHU के डालमिया हॉस्टल में हड़कंप, सब्जी में मिली मरी हुई छिपकली; छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

BHU के डालमिया हॉस्टल में हड़कंप, सब्जी में मिली मरी हुई छिपकली; छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

BHU News: उत्तर प्रदेश के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डालमिया हॉस्टल से छात्रों की सेहत और हॉस्टल व्यवस्थाओं से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। हॉस्टल के मेस में परोसी गई सब्जी में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद छात्रों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मेस में खाना खा चुके छात्र घबरा गए और तत्काल अस्पताल की ओर भागे, जबकि अन्य छात्रों ने मेस प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

मेस के बाहर छात्रों का हंगामा, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

जैसे ही छात्रों को भोजन में मरी हुई छिपकली मिलने की जानकारी हुई, बड़ी संख्या में छात्र मेस के बाहर इकट्ठा हो गए। आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते हॉस्टल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही बीएचयू का प्राक्टोरियल बोर्ड सक्रिय हो गया। हॉस्टल के प्रशासनिक वार्डन प्रो. राजीव बाटला, प्रो. राघव मिश्र और डॉ. महावीर पनवर सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

स्वास्थ्य जांच में छात्रों की स्थिति सामान्य

मेस का भोजन खाने वाले छात्रों की तुरंत स्वास्थ्य जांच कराई गई। डॉक्टरों की निगरानी में सभी छात्रों का परीक्षण किया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी छात्र में फूड प्वाइजनिंग जैसी गंभीर समस्या नहीं पाई गई और सभी की स्थिति सामान्य बताई गई। हालांकि इस घटना ने हॉस्टल की खानपान व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

छात्रों ने मेस प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद छात्रों ने प्रशासनिक वार्डन को लिखित शिकायत सौंपते हुए मेस प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि मेस में साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जाता। उनका आरोप है कि शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक साथ तैयार किया जाता है तथा बर्तनों की सफाई भी ठीक तरीके से नहीं होती।

छात्रों ने यह भी बताया कि हॉस्टल में लंबे समय से पीने के साफ पानी की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से भी छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों के अनुसार, कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।

मेस संख्या चार बंद, संचालक को नोटिस जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए हॉस्टल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। वार्डन प्रो. राघव मिश्र ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि भोजन पकने के बाद परोसने के दौरान सब्जी में छिपकली गिर गई होगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल मेस संख्या चार को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। साथ ही मेस संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )