
Chandauli News: विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
चार साल पहले हुई थी शादी
सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री निवासी वकील यादव ने नौगढ़ पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन की शादी 18 मई 2022 को चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशेषरपुर गांव निवासी सुशील यादव पुत्र सियाराम के साथ हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 3 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी, शिकड़ी (चेन) समेत अन्य कीमती सामान दहेज में दिया था।
अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के लगभग एक साल बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे। आरोप के मुताबिक पति सुशील यादव, ससुर सियाराम, परदादा मौलई, देवर सोनू और सास तीजा देवी मिलकर महिला पर मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे।
पीड़ित परिवार का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा उसे जान से मारने और हत्या को आत्महत्या का रूप देने की धमकी भी दी जाती थी।
गला दबाकर हत्या करने का आरोप
वकील यादव के अनुसार, 19 मई 2026 की सुबह उसकी बहन के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि घटना के बाद सबूत छुपाने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो।
परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे मृतका के देवर सोनू ने फोन कर सूचना दी कि उसकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने मृतका के शरीर पर चोट के कई गहरे निशान देखे, जिसके बाद हत्या की आशंका और गहरा गई।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
मृतका के भाई ने नौगढ़ थाना प्रभारी को तहरीर देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि मृतका को न्याय मिल सके।

