Lucknow News: लखनऊ में निजी स्कूलों की बढ़ती फीस के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, कड़े कानून की मांग तेज

Lucknow News: लखनऊ में निजी स्कूलों की बढ़ती फीस के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, कड़े कानून की मांग तेज

Lucknow News: निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और कथित शोषण के खिलाफ शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय छात्र पंचायत के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में छात्रों के साथ-साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी भाग लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

जीपीओ पार्क में जुटे छात्र और अभिभावक

हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में गांधी प्रतिमा के पास आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से छात्र प्रतिनिधि और अभिभावक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और फीस नियंत्रण को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।

निजी स्कूलों पर मनमानी का आरोप

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और अभिभावकों ने निजी स्कूलों पर मनमानी तरीके से फीस वसूलने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि हर साल किताबें और यूनिफॉर्म बदलने के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जाता है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों की स्थिति और कठिन हो जाती है। इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और सख्त कानून बनाने की मांग उठाई।

शिक्षा के नाम पर व्यापार का आरोप

राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने इस दौरान कहा कि निजी शिक्षण संस्थान अभिभावकों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के नाम पर खुलेआम व्यापार किया जा रहा है, जिसे अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह तत्काल हस्तक्षेप कर फीस रेगुलेशन बिल को सख्ती से लागू करे।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हर साल महंगी किताबें बदलने की व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा स्कूलों द्वारा लिए जाने वाले एनुअल चार्ज और अन्य छिपे हुए शुल्कों को समाप्त करने की भी बात कही गई। संगठन की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक और तेज किया जाएगा।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )