जोशीमठ-बद्रीनाथ के बीच बड़ा हादसा, 6 लोगों को ले जा रहा Helicopter Crash, CM धामी ने दिए रेस्क्यू के आदेश

जोशीमठ-बद्रीनाथ के बीच बड़ा हादसा, 6 लोगों को ले जा रहा Helicopter Crash, CM धामी ने दिए रेस्क्यू के आदेश

उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच एक बड़ा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हेलिकॉप्टर में पायलट सहित कुल 6 लोग सवार थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने और घायलों को तुरंत एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब खराब मौसम के कारण गुरुवार को उड़ानें रद्द थीं, तो इस हेलिकॉप्टर ने उड़ान कैसे भरी? प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव कार्य जारी है।

चाई गांव के पास हुआ हादसा

उत्तराखंड का चमोली जिला एक बार फिर बड़े हादसे का गवाह बना है। जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच स्थित चाई गांव के पास यह हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ है। बताया जा रहा है कि इस हेलिकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट मौजूद थे। अभी तक मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हेलिकॉप्टर ‘चार्ली एक्सरे’ (Charlie X-ray) कंपनी का बताया जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें फौरन घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।

CM धामी ने दिए रेस्क्यू और एयरलिफ्ट के निर्देश

हादसे की खबर सामने आते ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर इसकी पुष्टि की। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

सीएम धामी ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। वह खुद इस पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर पहुंचाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की प्रार्थना भी की है।

खराब मौसम में कैसे हुई उड़ान?

इस हादसे के बाद कई गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, इलाके में मौसम बेहद खराब था, जिसकी वजह से गुरुवार को हेलिकॉप्टर सेवाएं पूरी तरह से बंद रखी गई थीं। मौसम की ऐसी खराब कंडीशन के बावजूद हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने की परमिशन कैसे मिली, यह जांच का विषय बन गया है। फिलहाल, हादसे की असली वजह, यात्रियों की मौजूदा स्थिति और रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़े आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।

उत्तराखंड में हेलिकॉप्टर हादसों के डराने वाले आंकड़े

उत्तराखंड के पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में हेलिकॉप्टर हादसे कोई नई बात नहीं हैं। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार:

  • साल 2020 से जुलाई 2025 तक राज्य में कुल 7 हेलिकॉप्टर क्रैश हो चुके हैं, जिनमें 21 लोगों की जान गई है।

  • अकेले 2023 से 2025 के बीच ही 6 हेलिकॉप्टर हादसों का शिकार हुए हैं।

  • हालांकि, राज्य में अब तक कितने हेलिकॉप्टर लापता हुए हैं, इसका कोई भी आधिकारिक डेटा मौजूद नहीं है।

CATEGORIES
TAGS

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )