
पुष्कर सिंह धामी सरकार की व्यवस्थाओं से खुश गुजरात के 188 श्रद्धालु, गांधीनगर मेयर ने जताया आभार
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा को पूरी सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित करने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाजनक यात्रा के लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्रा के दौरान राज्य सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में संतुष्टि देखने को मिल रही है। इसी क्रम में गुजरात के गांधीनगर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीरा पटेल ने उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
बदरीनाथ में हुआ तीन दिवसीय श्री महाविष्णु यज्ञ
महापौर मीरा पटेल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे अपने आभार पत्र में बताया कि प्रभु बदरी विशाल और बाबा केदार की असीम अनुकंपा से उनके परिवार की ओर से 06 से 08 सितंबर, 2026 तक श्री बदरीनाथ धाम में तीन दिवसीय श्री महाविष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान अत्यंत दिव्यता और श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
यज्ञ के उपरांत गुजरात से आए 188 श्रद्धालुओं के दल ने श्री केदारनाथ धाम के पावन दर्शन भी किए।
वरिष्ठ नागरिक भी थे श्रद्धालुओं के दल में शामिल
मीरा पटेल ने अपने पत्र में कहा कि गुजरात से आए श्रद्धालुओं के दल में कई वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे। इसके बावजूद उत्तराखंड सरकार, स्थानीय प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की ओर से की गई व्यवस्थाओं के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दोनों पवित्र धामों में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन का लाभ प्राप्त हो सका।
उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान और यात्रा के दौरान उत्तराखंड सरकार तथा प्रशासन की ओर से मिला सहयोग राज्य की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा और भावना का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
व्यवस्थाओं और सहयोग के लिए जताया आभार
गांधीनगर नगर निगम की महापौर ने यात्रा के दौरान मिले सहयोग, आत्मीयता और व्यवस्थाओं के लिए उत्तराखंड सरकार, स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित विभागों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
मीरा पटेल ने भगवान बदरी-केदार से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना भी की।

