
UP News: सीएम योगी ने अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह को किया नमन, 1857 के सेनानियों को याद कर कांग्रेस पर साधा निशाना
UP News: 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक और अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला।
मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी के बयान पर सीएम योगी का पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के मनुस्मृति संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर होने के कारण उनसे लोकतंत्र और संविधान के प्रति जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि यदि मनु को समझना है तो अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण और मत्स्य पुराण जैसे ग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए।
सीएम योगी ने भारतीय परंपरा में महिला और पुरुष के पारस्परिक संबंधों के संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसा कौन व्यक्ति है, जिसे जीवन में मां, बहन, पत्नी या बेटी के रूप में किसी महिला का संरक्षण नहीं मिला हो। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा को एकतरफा दृष्टिकोण से देखने के बजाय उसके व्यापक संदर्भ को समझने की आवश्यकता है।
भारत की परंपरा और विरासत को लेकर राहुल गांधी पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने संविधान की शपथ ली है, लेकिन इसके बावजूद वह भारत की परंपरा और विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से बाहर जाकर प्रदेश को लांछित और अपमानित करते हैं तथा भारत से बाहर जाकर देश का अपमान करते हैं।
सीएम योगी ने सेना का जिक्र करते हुए कहा कि जवान सीमाओं पर दुश्मनों से मुकाबला करते हैं, लेकिन राहुल गांधी जवानों से प्रमाण मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अयोध्या में प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े करती रही है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों और युवाओं को ऐसी दिशा में नहीं ले जाने की अपील की, जिससे बाद में उनके माता-पिता या परिवार को शर्मिंदगी उठानी पड़े। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री के प्रति कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल का उदाहरण देते हुए कहा कि बाद में संबंधित बेटी और उसकी मां ने अपने शब्द वापस लेते हुए माफी मांगी थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत की एक संवैधानिक संस्था हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल केवल व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उस संवैधानिक संस्था और देश का अपमान भी है।
वर्तमान पीढ़ी के भविष्य से खिलवाड़ का लगाया आरोप
सीएम योगी ने राहुल गांधी पर अर्बन नक्सलियों के हाथों वर्तमान पीढ़ी का भविष्य खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि भारत की विरासत को क्यों बर्बाद किया जा रहा है और देश के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश ने राहुल गांधी से नेता प्रतिपक्ष के रूप में सकारात्मक और जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपेक्षा की थी, लेकिन उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों से स्वयं को पूरी तरह अलग कर लिया है। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की निष्ठा पर भी सवाल उठाया और 1975 के आपातकाल का उल्लेख किया।
अमेठी-रायबरेली के सामने पहचान का संकट खड़ा करने का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी परिवार के राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेठी और रायबरेली ने लंबे समय तक गांधी परिवार को ढोया, लेकिन इस क्षेत्र के सामने पहचान का संकट भी इसी परिवार ने खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि अब जनता को यह तय करना है कि क्षेत्र और विकास के लिए किस प्रकार की राजनीति तथा किस तरह के नेतृत्व की आवश्यकता है।
एक ही परिवार के नाम पर संस्थानों और स्मारकों के नामकरण का आरोप
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को देश के स्मारकों और संस्थानों का नामकरण एक ही परिवार के नाम पर करने में रुचि रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राना बेनी माधव बख्श सिंह, लालचंद स्वर्णकार और महापराक्रमी वीर पासी जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर संस्थानों और स्मारकों के नाम रखने के बारे में कभी नहीं सोचा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश के वास्तविक नायकों को उचित सम्मान देना कांग्रेस की प्राथमिकता नहीं रही। उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन को लूट बताकर कांग्रेस ने वर्षों तक स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ सभी महापुरुषों का सम्मान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के साथ महर्षि वाल्मीकि, गोस्वामी तुलसीदास, निषादराज और माता शबरी को भी सम्मान दिया गया है।

