
UP News: मोदी–ट्रंप ट्रेड डील के खिलाफ लखनऊ में प्रदर्शन, स्वास्थ्य भवन चौराहे पर AAP कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प
UP News: लखनऊ में मोदी–ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने स्वास्थ्य भवन चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि यह ट्रेड डील देश के छोटे व्यापारियों, किसानों और मध्यम वर्ग के हितों के विपरीत है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए और डील को जनविरोधी करार देते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
घरेलू उद्योगों पर खतरे का आरोप
पार्टी नेताओं का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय दबाव में किए जा रहे ऐसे आर्थिक समझौते देश की अर्थव्यवस्था के लिए घातक साबित हो सकते हैं। उनका आरोप है कि इस प्रकार की ट्रेड डील से घरेलू उद्योगों को नुकसान होगा और रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे।
AAP नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार को किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते से पहले देश के छोटे व्यापारियों, किसानों और मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पुलिस से झड़प, कई कार्यकर्ता हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब पुलिस ने भीड़ को आगे बढ़ने से रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
जब कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें ईको गार्डन भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया।

