
Noida News: सेक्टर-4 की फैक्ट्री में तड़के भीषण आग, अंदर फंसे करीब 50 मजदूर; दमकल ने खिड़कियां तोड़कर किया रेस्क्यू
Noida News: नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठती तेज लपटें तथा धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए, जबकि मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं।
जानकारी के अनुसार आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर कई कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से कई लोग आग और धुएं के कारण अंदर ही फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अब तक इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
बिजली के मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग
पुलिस और फायर विभाग के अनुसार यह घटना थाना फेज-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 में स्थित बिजली के मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में हुई। सुबह लगभग 4 बजे अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर अंदर फंस गए। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और फैक्ट्री के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
बेसमेंट से दूसरी मंजिल तक फैली आग
गौतमबुद्ध नगर फायर और इमरजेंसी सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें सेक्टर-4 ब्लॉक-बी में सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग काफी बड़े स्तर पर थी, जिसके बाद तुरंत कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पता चला कि फैक्ट्री के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, पहले फ्लोर और दूसरे फ्लोर तक आग फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।
खिड़कियां तोड़कर मजदूरों को बाहर निकाला
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में रात की शिफ्ट के दौरान करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। आग लगने के कारण ये सभी अंदर फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और खिड़कियों के शीशे तोड़कर तथा हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से मजदूरों को बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार करीब 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ को गंभीर चोटें भी आई हैं।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
पुलिस के अनुसार फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है। फायर विभाग की टीम अभी भी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

