
Jhansi News: 524 गैस सिलेंडर चोरी कांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद सात आरोपी गिरफ्तार, 11 लाख से अधिक नकदी बरामद
Jhansi News: झांसी में चार दिन पहले गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना सीपरी बाजार पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 524 गैस सिलेंडर, ट्रक, अवैध तमंचा और कारतूस के साथ 11 लाख रुपये से अधिक की नकदी भी बरामद की है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चोरी किए गए गैस सिलेंडरों को लगभग 11 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि चार आरोपियों ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया।
6 मार्च को दर्ज हुई थी रिपोर्ट
बुधवार को थाना सीपरी बाजार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 मार्च 2026 को रायगंज निवासी नीरज अग्रवाल ने थाना सीपरी बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के अनुसार ट्रक संख्या यूपी 93 बीटी 3341, जो करारी स्थित भारत पेट्रोलियम से संबद्ध है, 2 मार्च को कानपुर गजनेर जाने के लिए 524 गैस सिलेंडर लोड करके प्लांट के बाहर खड़ा किया गया था। ट्रक चालक वहां से चला गया, इसी दौरान अज्ञात चोर ट्रक को लेकर फरार हो गए। बाद में चोर 524 गैस सिलेंडर चोरी कर खाली ट्रक परीक्षा क्षेत्र में खड़ा कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और थाना सीपरी बाजार पुलिस को लगाया था।
सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
घटना की जांच में जुटी पुलिस टीम को सूचना मिली कि ग्वालियर रोड स्थित गैस गोदाम से करीब 50 मीटर दूर गैस सिलेंडर चोरी कांड के कुछ आरोपी मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमनगर के गाड़िया फाटक निवासी जावेद, समथर के काली मर्दन निवासी आमिर, प्रेमनगर के महाराजपुरा निवासी ऋतिक और स्कूलपुरा निवासी सुमित अहिरवार शामिल हैं। इनके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अपाचे बाइक (क्रमांक यूपी 93 सीए 8642) बरामद की गई।
इनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने समथर के तेवरियाना मोहल्ला निवासी शुभांकर परिहार, अभिषेक और सुरेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया।
11 लाख से अधिक नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 लाख 10 हजार रुपये नकद और 83 हजार 820 रुपये बिक्री के बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी किए गए गैस सिलेंडर और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुराने चालक होने के कारण बनाई थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जावेद और ऋतिक पहले गैस प्लांट में ट्रक चालक के रूप में काम कर चुके हैं। घटना के दिन जावेद गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चलाकर ले गया, जबकि ऋतिक बाइक से उसके साथ चल रहा था।
चिरगांव पहुंचने के बाद आमिर, सुरेन्द्र और अभिषेक ट्रक को समथर स्थित गैस गोदाम तक ले गए। वहां सिलेंडरों को बेचने के बाद खाली ट्रक को खड़ा कर सभी आरोपी फरार हो गए। बिक्री से मिली रकम जावेद अपने साथ ले गया था।
मजदूरी का पैसा न मिलने पर दिया घटना को अंजाम
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ऋतिक और जावेद पहले गोदाम में काम करते थे और उन्हें अपने मालिक नीरज अग्रवाल से मजदूरी का पैसा लेना था। उनका आरोप था कि मालिक ने उनका बकाया भुगतान नहीं किया था। इसी कारण पैसे लेने और सबक सिखाने के उद्देश्य से उन्होंने इस चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने गैस सिलेंडर चोरी कांड का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है।

