
Hapur News: हापुड़ में पति का पत्नी से जबरन संबंध बनाने, मारपीट और गर्भपात के मामले में मुकदमा दर्ज
Hapur News: नगर कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति पर मारपीट, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, अप्राकृतिक संबंध का प्रयास, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 3 मई 2023 को गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र के रहने वाले युवक से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदलने लगा। छोटी-छोटी बातों पर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट आम हो गई। लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला को अपना ससुराल छोड़ना पड़ा और वह हापुड़ में किराए के मकान में रहने लगी।
8 मार्च को हुई घटना ने झकझोरा
महिला ने बताया कि 8 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे उसका पति उसके घर पहुंचा। उस समय वह अपने छोटे बेटे को दूध पिला रही थी। आरोप है कि आरोपी ने आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बच्चे को भी चोट लगी। महिला को बाल पकड़कर दीवार से टकराया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
गर्भवती होने के बावजूद नहीं दिखाई दया
पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसे बाथरूम में घसीटकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए और अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश की। इस हिंसक घटना के चलते महिला को गंभीर चोटें आईं। तेज रक्तस्राव के कारण उसका गर्भपात हो गया, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।
मोबाइल छीनकर दी जान से मारने की धमकी
घटना के दौरान जब महिला ने मदद के लिए फोन करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी उस पर झूठे आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा है।
एसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

