
Chitrakoot News : चित्रकूट में पीएम श्री विद्यालय कछार पुरवा में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के तहत विज्ञान मेला आयोजित
Chitrakoot News : महानिदेशक, स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चित्रकूट के निर्देशन में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग कार्यक्रम के अंतर्गत अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन एवं हुंडई फाउंडेशन के सहयोग से पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, कछार पुरवा में आज एक बृहद विज्ञान मेले का आयोजन किया गया।
विज्ञान मेले में विद्यालय के विज्ञान क्लब के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अतुल दत्त तिवारी एवं प्रधानाध्यापिका ऊषा रानी त्रिपाठी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बच्चों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
विज्ञान के क्षेत्र में सीखने का सशक्त माध्यम
खंड शिक्षा अधिकारी अतुल दत्त तिवारी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अत्यंत सुंदर एवं शिक्षाप्रद मॉडल प्रस्तुत किए हैं, जिनसे उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में व्यावहारिक रूप से सीखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि शासन एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की मंशा है कि बेसिक शिक्षा के बच्चे भी पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराएं।
प्रधानाध्यापिका ऊषा रानी त्रिपाठी ने बताया कि विद्या वाहिनी टीम के सहयोग से विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट्स तैयार करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप बच्चे उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने में सफल रहे।
विविध विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां
विज्ञान मेले में लगभग 70 बच्चों द्वारा करीब 30 विज्ञान मॉडल प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न विषयों पर रचनात्मक और ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां दीं। राज ने मानव धड़ का मॉडल तैयार किया, राम ने मानव दांत का प्रदर्शन किया, पूजा ने मानव कंकाल का मॉडल प्रस्तुत किया। इसी क्रम में लक्ष्मी ने दिन-रात का मॉडल तथा मोनिका ने मौसम का मॉडल प्रदर्शित किया। अन्य छात्रों ने भी विज्ञान से संबंधित कई प्रभावशाली मॉडल तैयार कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अभिभावकों और ग्रामीणों की सराहना
विज्ञान मेले में विद्यालय के अभिभावकों एवं पूर्व छात्रों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय स्टाफ का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में आसपास के विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण अभिभावक भी पहुंचे और प्रदर्शित मॉडलों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका श्रीमती ऊषा रानी त्रिपाठी, विद्यासागर सिंह, सुशीला पांडेय, सोनू गौतम, दीपा देवी, गीतांजलि सिंह, प्रियंका द्विवेदी, सियाराम सिंह तथा जयशंकर प्रसाद उपस्थित रहे। विद्या वाहिनी टीम से सौरभ मिश्रा, रमेश कुमार एवं पवन शुक्ला भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

