
Bulandshahr News: बुलंदशहर के गुलावठी में शेविंग को लेकर विवाद, छुरी से हमला; तीन घायल, आरोपी गिरफ्तार
Bulandshahr News: बुलंदशहर जनपद के गुलावठी कोतवाली क्षेत्र में मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार ग्राम नया बांस स्थित सलमू कटिंग सैलून की दुकान पर शेविंग को लेकर दो ग्राहकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते छुरीबाजी तक पहुंच गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
बताया गया कि ग्राम नया बांस निवासी नरेश पुत्र किरन सिंह सोमवार को अपनी बेटी की शादी में जाने के लिए सैलून पर शेविंग कराने पहुंचे थे। शादी में शामिल होने की जल्दी का हवाला देते हुए उन्होंने पहले शेविंग करने की बात कही। इसी बात को लेकर वहां पहले से मौजूद दीपक पुत्र रनवीर निवासी समकोला से उनका विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर धारदार हथियार से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दीपक ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से नरेश पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए नरेश पास ही एक मकान में घुस गए। आरोप है कि जब नरेश को बचाने उनके भतीजे तरुण और उमेश देवी पत्नी भरत निवासी समकोला मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी छुरी से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों घायल हो गए।
खुद को घायल कर फंसाने का आरोप, वीडियो वायरल
घटना के बाद आरोपी दीपक पर यह भी आरोप है कि उसने खुद को फंसाने से बचने के लिए अपना सिर खड़ंजे में मार लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद को चोटिल करता दिखाई दे रहा है।
पुलिस की कार्रवाई, मेडिकल परीक्षण के बाद गिरफ्तारी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। सिकंद्राबाद के क्षेत्राधिकारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि घायल नरेश के भाई अशोक की तहरीर पर दीपक पुत्र रनवीर निवासी समकोला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त छुरी बरामद कर ली है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

